
इंसान की सोने (Gold) की भूख सदियों पुरानी है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अब तक हम धरती का सीना चीरकर कितना सोना निकाल चुके हैं? वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) और अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के ताजा आंकड़े चौंकाने वाले हैं, रिपोर्ट के मुताबिक, मानव इतिहास में अब तक कुल 2,16,265 टन सोना निकाला जा चुका है।
Table of Contents
खत्म होने की कगार पर है ‘गोल्ड रिजर्व’!
एक्सपर्ट्स की मानें तो अब धरती के नीचे बहुत सीमित मात्रा में सोना बचा है। आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में खदानों में केवल 50,000 से 64,000 टन सोना ही शेष है जिसे निकाला जाना संभव है। जिस रफ्तार से हर साल करीब 3,000 टन सोना निकाला जा रहा है, उस हिसाब से आने वाले 15 से 20 वर्षों में ‘नया सोना’ मिलना बेहद मुश्किल हो जाएगा।
कितना बड़ा है अब तक निकला सोना?
अगर अब तक निकाले गए पूरे 2.16 लाख टन सोने को एक साथ पिघलाकर एक ठोस घन (Cube) बनाया जाए, तो उसकी ऊंचाई मात्र 22 मीटर (करीब 72 फीट) होगी। यानी पूरी दुनिया का सोना महज एक 7 मंजिला इमारत के बराबर के हिस्से में समा सकता है।
कहां है यह सारा सोना?
धरती से निकले इस सोने का वितरण कुछ इस प्रकार है:
- आभूषण (Jewellery): लगभग 45% सोना गहनों के रूप में लोगों के पास है।
- निवेश (Investment): 22% सोना बार और सिक्कों के रूप में है।
- केंद्रीय बैंक (Central Banks): दुनिया भर के बैंकों ने सुरक्षा के लिहाज से करीब 17% सोना रिजर्व रखा है।
- इंडस्ट्री: बाकी 16% सोना इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य औद्योगिक कार्यों में इस्तेमाल हो रहा है।
भले ही धरती के गर्भ में सोना कम हो रहा हो, लेकिन समुद्र की गहराई और अंतरिक्ष (क्षुद्रग्रहों) में सोने के विशाल भंडार होने का अनुमान है, हालांकि फिलहाल उन्हें निकालना तकनीक और लागत के लिहाज से मुमकिन नहीं है।
















