
डिजिटल युग में ईमेल हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। बैंकिंग, ऑफिस, ऑनलाइन शॉपिंग या सरकारी सेवाएं अब हर जगह संवाद का माध्यम ईमेल बन गया है। लेकिन इसी सुविधा का गलत फायदा उठाकर साइबर अपराधी ईमेल स्पूफिंग (Email Spoofing) जैसी तकनीक का इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बना रहे हैं। अक्सर नकली ईमेल इतने असली लगते हैं कि यूजर बिना सोचे-समझे लिंक क्लिक कर अपनी पर्सनल जानकारी साझा कर देते हैं। आइए जानते हैं कि कैसे आप असली ईमेल और स्पूफिंग ईमेल में अंतर कर सकते हैं।
Table of Contents
ईमेल स्पूफिंग क्या है?
ईमेल स्पूफिंग एक साइबर अपराध तकनीक है जिसमें अपराधी किसी भरोसेमंद व्यक्ति, कंपनी या संस्थान के नाम से फर्जी ईमेल भेजते हैं। इसमें ईमेल का From Address और हैडर (Header) इस तरह से बदला जाता है कि मैसेज असली लगे। यूजर को लगता है कि ईमेल किसी बैंक, कंपनी, सहयोगी (Colleague) या परिचित संस्था की ओर से आया है, लेकिन असल में यह फर्जी होता है। साइबर अपराधी इस तकनीक का इस्तेमाल अक्सर लिंक क्लिक करवाने, अटैचमेंट डाउनलोड करवाने या पासवर्ड और बैंक डिटेल जैसी संवेदनशील जानकारी चुराने के लिए करते हैं। बड़े वित्तीय घोटाले और बिजनेस ईमेल कॉम्प्रोमाइज (Business Email Compromise) भी इसी तकनीक के कारण होते हैं।
ईमेल स्पूफिंग कैसे काम करती है?
ईमेल भेजने के लिए SMTP प्रोटोकॉल का इस्तेमाल होता है। इसमें Sender Address को आसानी से बदलना संभव है। साइबर अपराधी स्क्रिप्ट या ईमेल API की मदद से ऐसे ईमेल भेज सकते हैं, जिसमें दिखाई देने वाला पता असली लगे, लेकिन असली स्रोत अलग हो।
हर ईमेल में Header होती है जिसमें तकनीकी जानकारी रहती है जैसे कि:
- Received: कौन सा सर्वर मैसेज भेजने में शामिल था
- Return-Path: असली लौटने वाला पता
- Authentication Results: ईमेल असली है या फर्जी
सामान्य यूजर अक्सर इन हेडर की जांच नहीं करते, जिससे फर्जी ईमेल पकड़ में नहीं आते।
नकली ईमेल की पहचान कैसे करें
ईमेल असली है या नकली यह समझने के लिए कुछ सरल तरीकों को अपनाया जा सकता है:
- ईमेल एड्रेस पूरी तरह देखें: सिर्फ नाम पर विश्वास न करें। कई बार डोमेन में छोटे बदलाव होते हैं जैसे amazon.com की जगह amaz0n.com।
- अंजान या संदिग्ध डोमेन पर सतर्क रहें: परिचित व्यक्ति का नाम सही हो, लेकिन ईमेल एड्रेस अलग लगे तो सावधान रहें।
- डर या जल्दबाजी वाले मैसेज: नकली ईमेल में अकाउंट बंद होने, तुरंत कार्रवाई करने जैसी चेतावनी दी जाती है।
- वर्तनी और भाषा की जांच करें: व्याकरण संबंधी गलतियां, अजीब शब्द या अनियमित भाषा संकेत हो सकते हैं।
- लिंक और अटैचमेंट को सावधानी से खोलें: माउस ले जाकर देखें कि लिंक किस वेबसाइट पर जा रहा है। अनजान अटैचमेंट डाउनलोड न करें।
- संवेदनशील जानकारी की मांग पर ध्यान दें: बैंक और प्रतिष्ठित संस्थाएं ईमेल में पासवर्ड, OTP या बैंक डिटेल नहीं मांगती।
- हैडर की तकनीकी जांच करें: यदि आप तकनीकी जानकारी समझते हैं, तो Received, Return-Path और Authentication Results देखकर असली सोर्स का अंदाजा लगाएँ।
ईमेल स्पूफिंग से बचने के लिए कुछ अतिरिक्त टिप्स
- हमेशा Two-Factor Authentication (2FA) ऑन करें।
- संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले लिंक को कॉपी करके ब्राउज़र में चेक करें।
- अपने ईमेल क्लाइंट में SPF, DKIM और DMARC जैसे सुरक्षा उपाय सक्षम रखें।
- नियमित पासवर्ड बदलाव और मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें।















