
देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IIT) में दाखिला पाने की चाह रखने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर है, अगर आप भी इंजीनियरिंग के इस ‘मक्का’ में प्रवेश का सपना देख रहे हैं, तो सबसे पहले अपनी जन्मतिथि और पात्रता मानदंडों (Eligibility Criteria) की जांच कर लें। नवीनतम दिशा-निर्देशों के मुताबिक, उम्र की एक छोटी सी सीमा आपके सपनों पर भारी पड़ सकती है।
IIT में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली JEE Advanced 2026 परीक्षा के लिए कुछ कड़े नियम निर्धारित किए गए हैं। आइए जानते हैं वे 5 प्रमुख शर्तें जो हर अभ्यर्थी को पूरी करनी होंगी:
Table of Contents
उम्र की पाबंदी: 1 अक्टूबर 2001 का ‘डेडलाइन’
IIT प्रवेश के लिए आयु सीमा सबसे महत्वपूर्ण कारक है। सामान्य और OBC-NCL वर्ग के उन अभ्यर्थियों के लिए दरवाजे बंद हो सकते हैं जिनका जन्म 1 अक्टूबर 2001 से पहले हुआ है। हालांकि, आरक्षित वर्गों (SC, ST और PwD) को इसमें 5 साल की राहत दी गई है, जिसका अर्थ है कि उनका जन्म 1 अक्टूबर 1996 या उसके बाद होना चाहिए।
JEE Main के ‘टॉप 2.5 लाख’ में जगह जरूरी
IIT की दहलीज तक पहुंचने के लिए आपको पहले JEE Main की बाधा पार करनी होगी। केवल वही छात्र JEE Advanced के लिए पात्र माने जाएंगे, जो JEE Main (Paper-1) के नतीजों में अपनी श्रेणी के आधार पर शीर्ष 2,50,000 उम्मीदवारों की सूची में शामिल होंगे।
प्रयासों की सीमित संख्या
IIT में प्रवेश के लिए आपको असीमित अवसर नहीं मिलते नियमों के अनुसार, कोई भी अभ्यर्थी अपने जीवनकाल में केवल दो बार ही JEE Advanced की परीक्षा दे सकता है, वह भी लगातार दो वर्षों में।
12वीं की परीक्षा का वर्ष
पात्रता के लिए शैक्षणिक वर्ष भी तय है। 2026 की परीक्षा के लिए वही छात्र आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने अपनी 12वीं या समकक्ष परीक्षा पहली बार साल 2025 या 2026 में दी हो। यदि आपने 2024 या उससे पहले 12वीं की है, तो आप इस दौड़ से बाहर हो जाएंगे।
पहले कभी न लिया हो IIT में दाखिला
एक खास नियम यह भी है कि यदि किसी छात्र ने पहले कभी किसी IIT में सीट स्वीकार की है या प्रवेश लिया है, तो वह दोबारा परीक्षा में बैठने के लिए पात्र नहीं होगा। भले ही छात्र ने बाद में अपनी सीट छोड़ दी हो, वह फिर से आवेदन नहीं कर सकेगा।
अंकों का गणित
इन शर्तों के अलावा, उम्मीदवारों के लिए 12वीं कक्षा में 75% अंक (SC/ST/PwD के लिए 65%) लाना अनिवार्य है, या फिर उन्हें अपने संबंधित शिक्षा बोर्ड के ‘टॉप 20 परसेंटाइल’ में जगह बनानी होगी।
















