
अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों के लिए ट्रंप प्रशासन एक अनूठी और आकर्षक स्कीम लेकर आया है ‘प्रोजेक्ट होमकमिंग’ (Project Homecoming) नाम की इस योजना के तहत अवैध प्रवासियों को न केवल मुफ्त में उनके देश वापस भेजा जा रहा है, बल्कि साथ में भारी-भरकम नकद राशि का ऑफर भी दिया जा रहा है।
Table of Contents
क्या है ‘प्रोजेक्ट होमकमिंग’?
यह अमेरिकी सरकार की एक ऐसी पहल है जिसमें बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे लोगों को सम्मानजनक तरीके से देश छोड़ने का मौका दिया जा रहा है। सरकार का तर्क है कि जबरन डिपोर्ट करने की तुलना में यह तरीका सस्ता और मानवीय है।
स्कीम के मुख्य आकर्षण
- फ्री हवाई टिकट: जो प्रवासी स्वेच्छा से अपने देश लौटना चाहते हैं, उन्हें अमेरिकी सरकार की ओर से फ्री वन-वे एयर टिकट दिया जा रहा है।
- ₹2.4 लाख का ‘एग्जिट बोनस’: वतन वापसी के लिए तैयार होने वाले प्रवासियों को $2,600 (करीब 2.4 लाख रुपये) की नकद सहायता दी जा रही है। पहले यह राशि $1,000 थी, जिसे अब बढ़ा दिया गया है।
- पुरानी पेनल्टी माफ: यदि किसी प्रवासी पर अवैध रूप से ठहरने के कारण कोई पुराना सिविल जुर्माना (Fine) बकाया है, तो इस स्कीम के तहत उसे पूरी तरह माफ कर दिया जाएगा।
- सम्मानजनक विदाई: इस योजना में प्रवासियों को अपराधियों की तरह गिरफ्तार या हिरासत में नहीं लिया जाता वे एक सामान्य यात्री की तरह विमान में सफर कर सकते हैं।
भारतीयों पर विशेष ध्यान
इस योजना के तहत भारतीय प्रवासियों को भी लक्षित किया जा रहा है, विभाग ने ताजमहल की तस्वीर वाले विज्ञापन और पोस्टर जारी किए हैं, जिनमें “फ्री फ्लाइट टू इंडिया” का संदेश दिया गया है आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका में करीब 15 लाख भारतीय अवैध रूप से रह रहे हैं।
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक प्रवासियों को CBP Home मोबाइल ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन करना होगा। ऐप पर जानकारी दर्ज करने के बाद प्रशासन की ओर से यात्रा और बोनस संबंधी सहायता प्रदान की जाती है।
सरकार को क्या होगा फायदा?
एक रिपोर्ट के मुताबिक, किसी व्यक्ति को जबरन पकड़कर डिपोर्ट करने में औसतन $18,245 का खर्च आता है, वहीं, ‘प्रोजेक्ट होमकमिंग’ के जरिए यह खर्च घटकर महज $5,100 रह जाता है। अब तक लगभग 22 लाख प्रवासी इस स्कीम का लाभ उठा चुके हैं।
प्रशासन ने साफ किया है कि जो लोग इस स्वैच्छिक योजना का लाभ नहीं उठाएंगे, उन्हें भविष्य में सख्त कानूनी कार्रवाई, गिरफ्तारी और अमेरिका में दोबारा प्रवेश पर आजीवन प्रतिबंध का सामना करना पड़ सकता है।
















