
सड़कों पर वाहन चलाते समय अक्सर ट्रैफिक पुलिस द्वारा चालान काटे जाने की खबरें सामने आती हैं, लेकिन कई बार वाहन चालकों को बिना किसी ठोस कारण या तकनीकी गलती की वजह से ‘गलत चालान’ का सामना करना पड़ता है, अगर आपके साथ भी ऐसा हुआ है, तो घबराने की जरूरत नहीं है, अब आप घर बैठे इसकी शिकायत कर सकते हैं और गलत चालान को रद्द करवा सकते हैं।
Table of Contents
बिना वजह चालान पर यहां करें कॉल
यदि आपको लगता है कि आपका चालान गलत काटा गया है, तो आप तुरंत ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 1095 या 011-25844444 पर संपर्क कर सकते हैं। इन नंबरों पर अपनी शिकायत दर्ज कराने के बाद संबंधित विभाग मामले की जांच करता है।
M-Parivahan ऐप का करें इस्तेमाल
डिजिटल इंडिया के दौर में अब शिकायत करना और भी आसान हो गया है। केंद्र सरकार के M-Parivahan मोबाइल ऐप के जरिए आप न केवल अपने चालान की स्थिति देख सकते हैं, बल्कि ‘Grievance’ सेक्शन में जाकर अपनी आपत्ति भी दर्ज कर सकते हैं। शिकायत सही पाए जाने पर चालान निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है।
सोशल मीडिया पर भी होगी सुनवाई
आजकल ट्रैफिक पुलिस सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय है। आप अपने चालान की फोटो और अपनी बात लिखकर संबंधित शहर की ट्रैफिक पुलिस (जैसे @dtptraffic) को X (ट्विटर) पर टैग कर सकते हैं। अक्सर सोशल मीडिया पर दी गई शिकायतों पर पुलिस विभाग तुरंत संज्ञान लेता है।
वर्चुअल कोर्ट: कानूनी चुनौती का विकल्प
अगर विभाग स्तर पर आपकी सुनवाई नहीं होती, तो आप Virtual Court की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने चालान को चुनौती दे सकते हैं। यहां आप साक्ष्यों के साथ अपना पक्ष रख सकते हैं। यदि अदालत आपके तर्कों से सहमत होती है, तो चालान को तुरंत रद्द करने का आदेश दिया जा सकता है।
सावधानी ही बचाव है
विशेषज्ञों का कहना है कि चालान कटते समय पुलिसकर्मी से बहस करने के बजाय, घटना का वीडियो बना लें या फोटो खींच लें। ये साक्ष्य शिकायत दर्ज करते समय आपके बेहद काम आएंगे।
















