
क्या आप जानते हैं कि आपके सेविंग अकाउंट (बचत खाते) में पड़ा फालतू पैसा आपको फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) जितना मोटा मुनाफा दे सकता है? अधिकांश भारतीय बैंकों में बचत खाते पर केवल 2.5% से 3.5% ब्याज मिलता है लेकिन बैंकिंग जगत का एक खास फीचर जिसे ‘Sweep-in FD’ या ‘Auto-Sweep’ कहा जाता है, आपके इस मामूली ब्याज को 7% से 8.25% तक पहुंचा सकता है।
Table of Contents
क्या है यह जादुई ‘Sweep-in FD’ सुविधा?
यह एक ऐसी हाइब्रिड बैंकिंग सेवा है जो आपके बचत खाते को सीधे एक FD खाते से जोड़ देती है, यह सुविधा उन लोगों के लिए बेहतरीन है जो अपने खाते में लिक्विडिटी (नकदी की उपलब्धता) भी चाहते हैं और ऊंचा रिटर्न भी।
कैसे काम करता है यह सिस्टम?
इस सिस्टम का काम करने का तरीका पूरी तरह स्वचालित (Automatic) है:
- थ्रेशोल्ड लिमिट (सीमा): आप अपने बचत खाते के लिए एक न्यूनतम बैलेंस सीमा तय करते हैं (उदाहरण के लिए ₹25,000)।
- ऑटोमैटिक कन्वर्जन: जैसे ही आपके खाते में इस सीमा से ₹1 भी ऊपर आता है, वह अतिरिक्त राशि बैंक द्वारा अपने आप FD में बदल दी जाती है।
- रिवर्स स्वीप: यदि आपको अचानक पैसों की जरूरत पड़ती है और बचत खाते में बैलेंस कम होता है, तो बैंक आपकी FD से जरुरी पैसा वापस खाते में ट्रांसफर कर देता है, इससे न तो आपका चेक बाउंस होता है और न ही आपको मैन्युअल रुप से FD तोड़नी पड़ती है।
ग्राहकों के लिए क्यों फायदेमंद है यह फीचर?
- ज्यादा कमाई: आइडल फंड्स (पड़ा हुआ पैसा) पर बचत खाते के मुकाबले दोगुना ब्याज मिलता है।
- पूरी आजादी: आप कभी भी एटीएम या चेक के जरिए पैसे निकाल सकते हैं, पैसा FD में होने के बावजूद आपकी पहुंच में रहता है।
- कोई पेनल्टी नहीं: कई प्रमुख बैंक ‘ऑटो-स्वीप’ के तहत आंशिक निकासी पर कोई जुर्माना नहीं लगाते हैं।
कैसे करें इनेबल?
इसे एक्टिवेट करने के लिए आपको बैंक जाने की भी जरुरत नहीं है, आप अपने बैंक की नेट बैंकिंग या मोबाइल ऐप में जाकर ‘Fixed Deposit’ या ‘Value Added Services’ सेक्शन में इसे ऑन कर सकते हैं, प्रमुख बैंक जैसे SBI, HDFC, ICICI, Axis और Kotak Mahindra यह सुविधा प्रदान करते हैं।















