
उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए गेहूं की सरकारी खरीद शुरू करने और एमएसपी (MSP) में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी गई है।
Table of Contents
यूपी में गेहूं खरीद: ₹2,585 प्रति क्विंटल का नया भाव
उत्तर प्रदेश सरकार ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में ₹160 प्रति क्विंटल का इजाफा किया है। अब किसानों को उनकी फसल के लिए ₹2,585 प्रति क्विंटल का भाव मिलेगा, आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ₹2,425 पिछले वर्ष (2025-26) का निर्धारित मूल्य था।
इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार ने किसानों को एक और बड़ा तोहफा देते हुए गेहूं की छनाई, उतराई और सफाई के लिए ₹20 प्रति क्विंटल अलग से देने का निर्णय लिया है।
आज से शुरू हुई सरकारी खरीद
प्रदेश में गेहूं की सरकारी खरीद 30 मार्च 2026 से आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है और यह 15 जून 2026 तक चलेगी, सरकार ने इस वर्ष राज्य भर में लगभग 6,500 क्रय केंद्र स्थापित किए हैं ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई असुविधा न हो।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की नई व्यवस्था: अब OTP आधारित प्रक्रिया
सरकारी केंद्रों पर गेहूं बेचने के लिए किसानों को खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है इस बार सरकार ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए ओटीपी (OTP) आधारित पंजीकरण व्यवस्था लागू की है:
- सबसे पहले fcs.up.gov.in पोर्टल पर जाएं।
- ‘किसान पंजीकरण’ विकल्प पर क्लिक करें और अपना आधार नंबर व मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- आपके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा, जिसे भरने के बाद ही आवेदन आगे बढ़ेगा।
- खतौनी (भूमि रिकॉर्ड), आधार कार्ड और बैंक खाते (आधार लिंक) का विवरण सही-सही भरें।
- पंजीकरण के समय परिवार के किसी एक सदस्य को ‘नमिनी’ के रुप में दर्ज करना अनिवार्य है, जो किसान की अनुपस्थिति में केंद्र पर जाकर आधार प्रमाणीकरण कर सके।
48 घंटे में सीधे खाते में भुगतान
खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है, किसानों द्वारा फसल बेचने के बाद, भारत सरकार के PFMS पोर्टल के माध्यम से भुगतान की राशि सीधे उनके आधार से जुड़े बैंक खाते में 48 घंटे के भीतर भेज दी जाएगी।
















