
भारत में एक बार फिर ‘लॉकडाउन’ शब्द को लेकर चर्चाएं और अटकलें तेज हो गई हैं, सोशल मीडिया से लेकर आम गलियारों तक यह सवाल तैर रहा है कि क्या देश फिर से पाबंदियों के दौर में जाने वाला है? इन अटकलों की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोमवार को लोकसभा में दिए गए उस संबोधन के बाद हुई, जिसमें उन्होंने मौजूदा वैश्विक युद्ध की स्थिति की तुलना कोरोना संकट से की थी।
Table of Contents
पीएम मोदी के किस बयान से मचा हड़कंप?
लोकसभा में देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और वैश्विक अस्थिरता पर गहरी चिंता व्यक्त की। पीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “इस संकट का प्रभाव लंबे समय तक रहने वाला है। यह एक ऐसी चुनौती है जिसका सामना देशवासियों को ठीक उसी तरह करना होगा, जैसे हमने कोरोना संकट के समय एकजुट होकर किया था।”
प्रधानमंत्री के इसी बयान विशेषकर ‘कोरोना संकट की तरह सामना करने’ वाली बात को सोशल मीडिया पर कई लोगों ने लॉकडाउन के संभावित संकेत के रूप में देख लिया।
क्या वाकई लगेगा लॉकडाउन?
प्रधानमंत्री के भाषण का विश्लेषण करें तो उन्होंने कहीं भी ‘लॉकडाउन’ या ‘कर्फ्यू’ जैसे शब्दों का प्रयोग नहीं किया है। उनके संबोधन का मुख्य केंद्र आर्थिक और रणनीतिक तैयारी था सरकार के सूत्रों के अनुसार, पीएम का आशय युद्ध के कारण वैश्विक सप्लाई चेन (आपूर्ति श्रृंखला) में आने वाली बाधाओं, तेल की कीमतों में उछाल और महंगाई जैसी चुनौतियों से लड़ने के लिए देश को मानसिक रूप से तैयार करना था।
आज शाम बड़ी बैठक की क्या है खबर?
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री आज शाम आला अधिकारियों और कैबिनेट मंत्रियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर सकते हैं। हालांकि, यह बैठक लॉकडाउन लगाने के लिए नहीं, बल्कि युद्ध के चलते प्रभावित हो रही आवश्यक वस्तुओं (जैसे कच्चा तेल और उर्वरक) की आपूर्ति सुनिश्चित करने और अर्थव्यवस्था पर इसके असर को कम करने की रणनीति बनाने के लिए बुलाई गई है।
अफवाहों से बचें
सरकार की ओर से फिलहाल देश में किसी भी तरह की पाबंदी या लॉकडाउन लगाने की कोई आधिकारिक योजना नहीं है। जानकारों का कहना है कि प्रधानमंत्री ने ‘कोरोना’ का उदाहरण केवल देशवासियों की एकजुटता और अनुशासन को याद दिलाने के लिए दिया था।
फिलहाल लॉकडाउन की कोई संभावना नहीं है। जनता से अपील की जा रही है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों और वीडियो पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक घोषणाओं पर ही ध्यान दें।
















