
देश के प्रतिष्ठित केंद्रीय विद्यालयों (Kendriya Vidyalaya) में अपने बच्चों का दाखिला कराने का सपना देख रहे अभिभावकों के लिए बड़ी खबर है। केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। कक्षा-1 और बालवाटिका के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया कल, 20 मार्च 2026 से सुबह 10:00 बजे ऑनलाइन शुरू हो जाएगी।
Table of Contents
कल से खुलेंगे रजिस्ट्रेशन पोर्टल
KVS द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कक्षा-1 के लिए आवेदन पूरी तरह से ऑनलाइन होंगे। इच्छुक अभिभावक आधिकारिक वेबसाइट kvsonlineadmission.kvs.gov.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 2 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, कक्षा-2 और उससे ऊपर की कक्षाओं के लिए (यदि सीटें खाली रहीं) आवेदन प्रक्रिया 2 अप्रैल से 8 अप्रैल के बीच ऑफलाइन मोड में संचालित की जाएगी।
उम्र का गणित: कौन होगा पात्र?
इस बार भी दाखिले के लिए आयु सीमा के नियमों को सख्त रखा गया है, आयु की गणना 31 मार्च 2026 के आधार पर की जाएगी।
- कक्षा 1: बच्चे की न्यूनतम आयु 6 वर्ष और अधिकतम 8 वर्ष से कम होनी चाहिए। (1 अप्रैल को जन्मे बच्चों को भी इसी श्रेणी में पात्रता मिलेगी)।
- बालवाटिका (लेवल 1, 2, 3): इनके लिए आयु क्रमशः 3, 4 और 5 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए।
महत्वपूर्ण दस्तावेज रखें तैयार
भीड़ और तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए संगठन ने अभिभावकों को सलाह दी है कि वे आवेदन से पहले निम्नलिखित दस्तावेज स्कैन करके रख लें:
- बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र।
- हालिया पासपोर्ट साइज फोटो।
- निवास प्रमाण पत्र।
- श्रेणी प्रमाण पत्र (SC/ST/OBC/EWS/BPL), यदि लागू हो।
- सरकारी कर्मचारियों के लिए सर्विस सर्टिफिकेट।
चयन प्रक्रिया और आरक्षण के नियम
केंद्रीय विद्यालय में कक्षा-1 के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। दाखिले ऑनलाइन लॉटरी सिस्टम के आधार पर दिए जाएंगे, नियमों के मुताबिक, कुल सीटों में से 25% सीटें शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत आरक्षित हैं। इसके अलावा, एससी (15%), एसटी (7.5%) और ओबीसी-एनसीएल (27%) के लिए भी सीटों का कोटा निर्धारित है।
पहली लिस्ट कब आएगी?
पंजीकरण प्रक्रिया समाप्त होने के बाद, कक्षा-1 के लिए पहली प्रोविजनल चयन सूची 9 अप्रैल 2026 को जारी की जाएगी, इसके बाद यदि सीटें खाली रहती हैं, तो दूसरी और तीसरी सूची भी क्रमशः घोषित की जाएगी।
















